चौराहे पर पुलिस ने रोका पैदल मार्च
युवाओं का जुलूस जैसे ही छिबरामऊ चौराहे की ओर बढ़ा, मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। संवेदनशीलता को देखते हुए एसडीएम ज्ञानेन्द्र द्विवेदी, सीओ सुरेश मलिक और कोतवाल कपिल दुबे भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था का हवाला देते हुए प्रदर्शनकारियों को चौराहे पर ही रोक दिया।
सड़क पर बैठकर की नारेबाजी
पदयात्रा रोके जाने से नाराज प्रदर्शनकारी सड़क पर ही बैठ गए और नारेबाजी करने लगे। करीब दो घंटे तक युवा चौराहे पर डटे रहे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने की अपील करते रहे। इलाके में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात रहा।
सवर्ण समाज के युवाओं ने पहले ही एक सितंबर को छिबरामऊ से कन्नौज जिला मुख्यालय तक पैदल विरोध यात्रा निकालने का एलान किया था। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यूजीसी नियमों में किए गए बदलाव वापस लिए जाने चाहिए। वहीं प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जुलूस को आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी।