कानपुर देहात। एक राष्ट्र-एक चुनाव विषय पर कुंदन लाल शुक्ल महाविद्यालय में शनिवार को संगोष्ठी का आयोजन किया गया। विशेष अतिथि भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष मदन पांडेय ने कहा कि युवा किसी भी विचारधारा को फैलाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि युवाओं को इस अभियान का प्रमुख हिस्सा बनाया गया है। जिला उपाध्यक्ष रामजी मिश्रा ने कहा कि लोकसभा व राज्य विधानसभाओं में एक साथ चुनाव होने से मतदाता अपने निर्वाचन क्षेत्र में एक ही दिन में दोनों स्तरों के लिए मतदान कर सकेंगे। हालांकि देश में मतदान कई चरणों में कराया जा सकता है। एक साथ चुनाव कराने का उद्देश्य प्रबंधन से जुड़ी समस्याओं का समाधान किया जाना है। इसमें होने वाले खर्च को घटाने के साथ चुनावों के कारण कामकाज में होने वाले व्यवधानों को कम करना भी है।
पूर्व जिला उपाध्यक्ष बालजी शुक्ला ने छात्रों से कहा कि एक राष्ट्र एक चुनाव संसाधनों की बचत करने के साथ लोकतंत्र की मजबूती व सुशासन को नई दिशा में बड़ा कदम होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्राचार्य डॉ. कामता प्रसाद ने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यहां सभासद विशाल सेंगर, क्षेत्रीय सहसंयोजक गोपाल मिश्रा, डॉ. रोहिताश कुमार, रोहन सिंह, भूपेंद्र सिंह, ताबिश रज्जाक, राकेश दिवाकर, आदि मौजूद रहे।