इसके बाद भी जब उनका मन नहीं भरा, तो दबंगों ने देर रात दोबारा पीड़ित के घर में घुसकर लोहे की रॉड से हमला बोल दिया। गंभीर रूप से घायल युवक की हैलट अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसके चाचा की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने इस मामले में 9 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर 3 संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है।
फाइल फोटो राहुल तिवारी।
- फोटो : amar ujala
बुजुर्ग महिला को खाना देने गया था पीड़ित राहुल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नौबस्ता के यशोदा नगर कच्ची बस्ती निवासी वीरेंद्र कुमार का इकलौता बेटा राहुल तिवारी (19) शादी समारोहों में एक ठेकेदार के साथ वेटर का काम करके अपने परिवार का हाथ बंटाता था। राहुल की मां पूनम का कई वर्ष पहले ही देहांत हो चुका है।
मृतक के मामा आशीष कुमार दीक्षित ने बताया कि 18 जुलाई की रात को राहुल अपने ही मोहल्ले में रहने वाली एक बुजुर्ग महिला को खाना देने के लिए गया था। आरोप है कि उसी समय वहां पड़ोस में रहने वाले लल्लू और कल्लू नाम के दबंगों ने बिना किसी बात के वृद्धा के ऊपर पानी फेंक दिया और उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगे।
दो बार हुआ जानलेवा हमला, बीच-बचाव में चाचा भी गंभीर
जब राहुल ने तमाशबीन बनने के बजाय इंसानियत के नाते दबंगों की इस घिनौनी हरकत का कड़ा विरोध किया, तो दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते लल्लू, कल्लू और उनके परिवार की महिलाओं समेत अन्य सदस्यों ने लाठी-डंडों से राहुल पर हमला बोल दिया। शोर सुनकर जब राहुल के चाचा संतोष कुमार तिवारी उसे बचाने पहुंचे, तो हमलावरों ने उन्हें भी बेरहमी से पीटा।
घायल अवस्था में दोनों को कांशीराम अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार कराने के बाद वे रात में वापस अपने घर लौटे। लेकिन आरोपियों की दबंगई यहीं नहीं रुकी। रात करीब 2:30 बजे आरोपी दोबारा हाथों में लोहे की रॉड लेकर राहुल के घर में घुस गए और सोते समय दोनों पर दोबारा हमला कर दिया। इस दौरान घर पर भारी पथराव भी किया गया।
हैलट अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम, पुलिस तफ्तीश में जुटी
रात में सूचना मिलने पर जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो आरोपी पुलिस के सामने भी जमकर उत्पात मचाते रहे। पुलिस ने गंभीर रूप से लहुलूहान राहुल और उसके चाचा संतोष को तत्काल इलाज के लिए हैलट अस्पताल में भर्ती कराया।
जहां जिंदगी और मौत के बीच जूझते हुए सोमवार तड़के करीब 3 बजे डॉक्टरों ने राहुल को मृत घोषित कर दिया। राहुल की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और इकलौते बेटे को खोने वाले पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
नौबस्ता थाना प्रभारी बहादुर सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर कुल 9 नामजद आरोपियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या समेत अन्य संगीन और प्रभावी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 3 मुख्य संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मामले की गहन जांच के आधार पर जल्द ही इस मुकदमे में हत्या की धारा बढ़ाई जाएगी और फरार चल रहे बाकी आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।