इटावा। राजकीय व निजी आईटीआई में दूसरे चरण की प्रवेश प्रक्रिया चल रही है। विद्यार्थियों का झुकाव अब भी पारंपरिक ट्रेडों की ओर बना हुआ है क्योंकि वह इन्हें रोजगारपरक मानते हैं। हालांकि कई ट्रेडों से उनका मोहभंग हो रहा है। सबसे ज्यादा अभ्यर्थी इलेक्ट्रीशियन व फिटर ट्रेड में प्रवेश की चाह रख रहे हैं।
जिले के पांच राजकीय और चार निजी आईटीआई में प्रवेश के लिए पांच हजार से अधिक विद्यार्थियों ने आवेदन किया था। पहले चरण में 55 फीसदी से अधिक सीटों के लिए प्रवेश प्रक्रिया हो चुकी है। इससे पूर्व अधिकारियों की ओर से विद्यार्थियों को जागरूक करने के लिए आईटीआई चलो अभियान भी चलाया गया था। संस्थान में पढ़ रहे विद्यार्थियों से अपने साथियों को प्रवेश के लिए प्रोत्साहित करने के लिए कहा गया।
पहले चरण के प्रवेश के बाद दूसरे चरण में भी विद्यार्थी टाटा की नई ट्रेडों के साथ ही इलेक्ट्रीशियन, फिटर, कोपा, वेल्डर, वायरमैन, मशीनिस्ट, टर्नर, फैशन डिजाइनिंग आदि में अधिक रुचि ले रहे हैं। वहीं, सबसे कम आवेदन स्टेनोग्राफी और सिलाई ट्रेड में आए हैं। राजकीय आईटीआई के प्रधानाचार्य डॉ. राजकुमार सिंह ने बताया कि आईटीआई प्रशिक्षित युवक-युवतियों के लिए सरकारी प्रतिष्ठानों जैसे रेलवे, सेना, नेवी, एयर फोर्स, पीडब्ल्यूडी, सिंचाई विभाग आदि में रोजगार प्राप्त करने के अवसर होते हैं। साथ ही वे निजी कंपनियों में भी कार्य कर सकते हैं। विद्यार्थी स्वरोजगार भी कर सकते हैं।