सरसौल में महाराजपुर के नजफगढ़ घाट पर दोस्तों संग गंगा नहाने गया साढ़ के अमौर निवासी बृजेश उर्फ सूरज भदौरिया (20) डूब गया। गोताखोर और एसडीआरएफ की टीम युवक को देर शाम तक खोजती रही लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला।
विज्ञापन
एमपी पुलिस में तैनात बाबू सिंह भदौरिया ने बताया कि शुक्रवार की शाम उनके पिता लल्लू भदौरिया का देहांत हो गया था। शनिवार सुबह वह परिवार संग पिता का शव लेकर ड्योढ़ीघाट अंतिम संस्कार करने गए थे। इस बीच उनका बेटा बृजेश अपनी बाइक से गांव के रहने वाले सुमित व आनंद सिंह के साथ ड्योढ़ी घाट आने के लिए निकला।
वह ड्योढ़ी घाट के बजाय नजफगढ़ घाट नहाने पहुंच गया। इस बीच नहाते वक्त पैर फिसलने से वह गहराई में जाकर डूबने लगा। कुछ ही देर में ओझल हो गया। इधर, पिता का अंतिम संस्कार कर रहे बाबू सिंह के पास बृजेश के दोस्तों का फोन आया तो वह दंग रह गए। वह ड्योढ़ी घाट से तुरंत नजफगढ़ घाट पहुंच गए। बृजेश को खोजते रहे लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला।