कानपुर। सेन पश्चिम पारा क्षेत्र के नगवां-गुलाबपुर गांव में सोमवार सुबह एलटी लाइन के पोल पर केबिल जोड़ने चढ़े युवक की करंट से मौत हो गई। वह लाइनमैन के कहने पर पोल पर चढ़ा था। लाइनमैन व उपभोक्ता का परिवार मौके से भाग निकला। मृतक के परिजन ने लाइनमैन पर बिना शटडाउन लिए पोल पर चढ़ाने का आरोप लगाकर हंगामा किया। पुलिस ने लाइनमैन व उपभोक्ता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कर ली है।
कंठोंगर गांव निवासी बृजकिशोर सिंह का बेटा अनुराग सिंह उर्फ छोटू (19) धोबिनपुरवा निवासी संविदा लाइनमैन शुभम राजपूत संग रहता था। शुभम दक्षिणांचल विद्युत निगम के भारू उपकेंद्र से संबद्घ है। सोमवार सुबह शुभम अनुराग को नगवां गांव का मजरा गुलाबपुर निवासी लवकुश कुशवाह के घर की केबिल जोड़ने ले गया था। आरोप है कि उसने अनुराग को पोल पर यह कहकर चढ़ा दिया कि शटडाउन है। पोल पर चढ़कर तार को पकड़ते ही अनुराग को करंट लग गया और वह नीचे गिर गया।
उसकी मौत हो गई। लाइन मैन भाग निकला। युवक के परिजन ग्रामीणों संग मौके पर पहुंचे और हंगामा किया। उपभोक्ता भी परिवार समेत चले गए। मृतक के परिजन ने आरोप लगाए। एक्सईएन राजकुमार सिंह ने बताया कि घटना की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि पिता की तहरीर पर लाइन मैन व उपभोक्ता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।