रूरा। अंबियापुर-रूरा रेलवे स्टेशनों के बीच दिल्ली से हावड़ा जा रही स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एक्सप्रेस ट्रेन से गिरकर 40 वर्षीय युवक की मौत हो गई। प्रयास के बाद भी शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम हाउस भेजा है।
स्टेशन अधीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि शुक्रवार देर रात 2:40 बजे दिल्ली से कानपुर की ओर जा रही स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एक्सप्रेस ट्रेन से इंजुवारामपुर गांव के पास एक युवक गिर गया। हादसे में उसकी मौत हो गई है। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। चौकी इंचार्ज जसवीर सिंह ने बताया कि शव क्षतविक्षत हो गया है। मृतक की आयु 40 वर्ष के करीब है। शरीर पर पीले रंग की शर्ट व गहरा ग्रे पैंट मिला है। शव को पोस्टमार्टम हाउस भेजकर शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।