झींझक। दिल्ली हावड़ा रेल रूट के झींझक स्टेशन के पूर्वी छोर की डाउन लाइन पर शनिवार सुबह वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रेन चालक ने नासरसेड़ा अंडरपास के पास ट्रेन रोककर इंजन का निरीक्षण किया। इसके बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया।
वंदे भारत एक्सप्रेस तेज गति से झींझक स्टेशन पार कर रही थी। इसी दौरान स्टेशन के पूर्वी छोर में पटरी पर मौजूद रसूलाबाद क्षेत्र के सिसाही निवासी जयसिंह (28) ट्रेन की चपेट में आ गए। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक ने सुबह करीब 9:25 बजे नासरसेड़ा अंडरपास के पास ट्रेन को रोका और लगभग पांच मिनट तक इंजन का निरीक्षण करने के बाद 9:30 बजे ट्रेन को रवाना की। स्टेशन मास्टर की सूचना पर जीआरपी मौके पर पहुंचीं। इसी दौरान मृतक के पिता पुत्र रामबिलास व अन्य परिजन भी स्टेशन पहुंच गए।
पिता ने जीआरपी को बताया कि जयसिंह नोएडा की एक निजी कंपनी में नौकरी करते थे। करीब 10 दिन पहले ही वह घर आए थे। उसके छह माह का पुत्र अनंत है। अनहोनी पर मृतक की पत्नी संतोषी, मां विजयलक्ष्मी, छोटे भाई पंकज व अवनीश बिलखते रहे। पिता ने यह भी बताया कि बेटा शनिवार सुबह घर से बिना बताए निकला था। काफी देर तक घर न पहुंचने पर घर वाले उसकी तलाश कर रहे थे। उसे खोजते हुए ही यहां तक आ पहुंचे। स्टेशन मास्टर पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि वंदे भारत एक्सप्रेस के गार्ड द्वारा युवक के ट्रेन के सामने आने की सूचना दी गई थी। चौकी प्रभारी जीआरपी गोविंदपुरी धीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।