काकादेव थाना क्षेत्र के मतैयापुरवा में रंजिश के चलते जान से मारने की नियत से एक युवक पर चाकू से हमला करने का आरोप है। ज्यादा खून बहने से बेहोश होने पर उसे हैलट में भर्ती कराया गया। स्वरूपनगर के छोटी गुटैया निवासी नवीन अग्रवाल के मुताबिक, छह सितंबर को वह अपने मित्र ओम राजपूत के घर शास्त्री नगर के मतैयापुरवा जा रहा था। इसी दौरान इलाके में रहने वाले पंकज ने उसे रोक लिया।
आरोप है कि रंजिश को लेकर पंकज ने जान से मारने की नीयत से उसकी गर्दन पर चाकू से वार कर दिया। गर्दन कटने से नवीन का काफी खून बह गया और वह बेहोश होकर गिर पड़ा। नवीन के साथ काम करने वाला नितिन मौके पर पहुंचा और उसे हैलट में गंभीर हालत में भर्ती कराया। तबीयत में सुधार होने के बाद पीड़ित ने थाने में तहरीर दी। काकादेव इंस्पेक्टर धर्मेंद्र कुमार राम के अनुसार पीड़ित की तहरीर मिलने पर पंकज के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।