काकादेव थाना क्षेत्र के एल ब्लॉक निवासी जैस्मिन कौर से ऑनलाइन सूट खरीदने का आकर्षक ऑफर दिखाकर 35 हजार रुपये ठग लिए गए। आरोप है कि नरेंद्र सिंह नाम के व्यक्ति ने व्हाट्सएप चैट के जरिए विश्वास में लिया और अलग-अलग किश्तों में भुगतान कराया। रकम लेने के बाद न सूट भेजे और न रुपये लौटाए।
पीड़ित महिला के मुताबिक, आठ जुलाई की रात उनके मोबाइल पर एक लिंक भेजा गया। इसमें विभिन्न तरह के सूट आकर्षक ऑफर पर बेचने का दावा किया गया था। इसके बाद नरेंद्र सिंह नाम के व्यक्ति ने लगातार चैटिंग कर उनसे संपर्क किया और सामान भेजने का भरोसा दिलाया। उसके कहने पर उन्होंने अलग-अलग तारीखों में 4,600, 13,400, 5,800 और 4,000 रुपये का भुगतान किया। इसके अलावा 7,200 रुपये उनके परिचित के खाते से क्यूआर कोड के जरिए जमा कराए गए।
पीड़िता के अनुसार रकम यूको बैंक के एक खाते में जमा कराई गई। आरोपी ने एक सप्ताह में सूट पहुंचाने का आश्वासन दिया, लेकिन सामान नहीं पहुंचा। इसके बाद वह बहाने बनाता रहा और फर्जी ट्रैकिंग आईडी भेजी। आरोप है कि दो दिन पहले तक आरोपी व्हाट्सएप पर जवाब दे रहा था, लेकिन अब उसने मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया। काकादेव इंस्पेक्टर धर्मेंद्र कुमार राम ने बताया कि मोबाइल धारक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर साइबर टीम से मदद ली जा रही है।