पुलिस के पीटने पर युवक ने खा लिया सल्फास
- फोटो : अमर उजाला
यूपी में कन्नौज जिले के तालग्राम थाने के त्यौर ककराई गांव में पुलिस की पिटाई से आहत होकर एक युवक ने सल्फास खा लिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बंटवारे को लेकर घर में कुछ दिनों से विवाद हो रहा था।
ककराई गांव में पूर्व फौजी सुरेश चंद्र के तीन पुत्र हैं। बड़ा पुत्र सुनील के अलावा सुशील व गौरव हैं। सुनील की शादी हो गई है। दो भाइयों की शादी नहीं हुई है। सोमवार शाम से जमीन बंटवारे को लेकर भाइयों में विवाद हुआ। छोटे भाई सुशील ने बड़े भाई सुनील की शिकायत बेहटा चौकी में की।
पुलिस ने डाट-डपट कर मामला शांत कर दिया था। मंगलवार सुबह फिर विवाद हो गया। जिस पर मां शकुंतला देवी ने पुलिस को तहरीर दी। पुलिस घर पर पहुंची और काफी लोगों के सामने सुनील को पीट दिया। उससे थाने चलने की बात कही।
इसी बीच सुनील घर के अंदर कपड़े पहनने का बहाना बनाकर गया और सल्फास खाकर बाहर आ गया। कुछ ही देर में हालत बिगड़ने लगी। युवक की हालत बिगड़ती देख पुलिस भागने लगी। अवकाश पर आए युवक के फौजी चाचा मनोज कुमार ने पुलिस को ललकारा और अस्पताल ले जाने को कहा। पुलिस युवक को सीएचसी तालग्राम लेकर आई, जहां से सौ शैय्या अस्पताल रेफर कर दिया गया। युवक की हालत नाजुक बताई जा रही है।