उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के बेला में शराब के नशे में धुत छोटे भाई ने बड़े भाई की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। सूचना पाकर पहुंची थाना पुलिस ने छोटे भाई को हिरासत में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों ने बताया कि दोनों भाई रोजाना शराब के नशे में लड़ते रहते थे।
ग्राम गैली निवासी छविनाथ सिंह व मृतक सिंगराम सिंह (35) पुत्रगण किशन सिंह गौर की बीती शाम शराब के नशे में लड़ाई हो गई। इस पर ग्रामीणों में बीच बचाव कर विवाद खत्म करवाया था। लेकिन देर शाम दोबारा शराब के नशे में दोनों भाई आपस में लड़ने लगे।
लड़ाई में छोटे भाई छविनाथ लाठी उठा लाया और बड़े भाई की पीट पीटकर हत्या कर दी। ग्रामीणों ने बताया कि छोटा भाई इतना नशे में था कि बड़े भाई की मौत होने के बाद भी शव पर लाठियां बरसाता रहा। मां रामा देवी ने बताया कि वह घटना के समय घर पर नहीं थी। क्षेत्राधिकारी बिधूना मुकेश प्रताप सिंह व थाना पुलिस ने मौके से हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि अभी तक घटना की तहरीर नहीं मिली है।
ग्रामीणों ने बताया कि 10 साल पहले पिता किशन सिंह गौर की मृत्यु हो गई थी। इसके बाद पिता की खेती तीनों बेटो सिंगराम सिंह, छविनाथ सिंह, रानासिंह सहित पत्नी रामादेवी के नाम हो गई थी। इसके बाद से दोनों बड़े बेटे धीरे-धीरे जमीन बेचने लगे। दोनों भाई रोजाना शराब के नशे में लड़ते रहते थे। सबसे छोटा बेटा राणासिंह पंजाब में रहकर मजदूरी करता है। अब खेती की जमीन सिर्फ छोटे बेटे और मां के पास है।