चौबेपुर (बिल्हौर)। चौबेपुर थानाक्षेत्र में बुधवार रात गिरजा शंकर निषाद (25) की ताबड़तोड़ तीन गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। वह बड़े भाई रामपाल पर दोपहर में हुए चाकू के हमले की शिकायत करने चौबेपुर थाने गया था। वहां से घर लौटने पर आरोपी ने वारदात को अंजाम दे दिया। घटना के बाद ग्रामीण एकत्रित हो गए। हमलावर तमंचा लहराते फरार हो गया। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्रित किए।
चिंतापुरवा गांव में गिरजा शंकर निषाद किसानी करता था। बड़े भाई रामपाल ने बताया गांव के कुलदीप निषाद से पुरानी रंजिश थी। बुधवार दोपहर कुलदीप ने उनसे गाली गलौज की। विरोध किया तो उसने मारपीट कर चाकू से हमला कर दिया। ग्रामीणों ने बीच बचाव कर आरोपी को अलग किया। वह गिरजा शंकर के साथ चौबेपुर थाने में शिकायत करने गए थे। आरोप है कि पुलिस ने कार्रवाई की बात कहकर उन्हें लौटा दिया। देर शाम दोनों भाई वापस गांव आ गए। रात करीब साढ़े नौ बजे गिरिजा शंकर घर के दरवाजे पर खड़ा था। इसी दौरान कुलदीप दोबारा आया और थाने में शिकायत करने को लेकर गाली गलौज करने लगा। उसने विरोध किया तो आरोपी ने तमंचा निकाल कर फायर झोंक दिया। गिरिजा नीचे झुका तो गोली उसको छूते हुए निकल गई। आरोपी ने दोबारा तमंचा लोड कर गोली चलाई, जो उसके दाएं हाथ में लगी। जबकि तीसरी गोली सीधे सीने में मार दी। ताबड़तोड़ गोलियों की आवाज सुन ग्रामीण निकल आए। आरोपी तमंचा दिखाते हुए भाग निकला। परिजन आनन-फानन घायल को बिठूर के निजी अस्पताल के लिए निकले। उसकी रास्ते में ही मौत हो गई।
डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि पुरानी रंजिश में युवक की गोली मारकर हत्या हुई है। आरोपी की तलाश में टीमें लगी हुई हैं।