बसरेहर (इटावा)। थाना बसरेहर क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार को युवक ने हाईस्कूल छात्रा के साथ दुष्कर्म किया। किशोरी के चिल्लाने पर मां जब पहुंची तो आरोपी धक्का मारकर भाग गया। किशोरी की मां की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
मंगलवार की दोपहर करीब एक बजे थाना बसरेहर क्षेत्र के एक गांव में 14 वर्षीया किशोरी घर की छत पर खाना खा रही थी। उसी समय युवक पीछे के रास्ते से घर में घुस आया। यहां उसने किशोरी के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। इस दौरान किशोरी के चिल्लाने लगी तो मौके पर पहुंची मां को धक्का देकर आरोपी घटना स्थल से भाग गया। किशोरी की मां ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
थाना प्रभारी सौरभ सिंह ने बताया कि हाईस्कूल छात्रा के साथ क्षेत्र के ही आरोपी रोहित ने दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया है। आरोपी युवक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज करउसे जेल भेज दिया गया है। वहीं, पीड़ित किशोरी का जिला अस्पताल में मेडिकल करवाया गया है। बुधवार को मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान करवाए जाएंगे।
- आरोपी के डर से किशोरी ने स्कूल जाना दिया था छोड़
पीड़ित किशोरी की मां ने बताया कि बेटी हाईस्कूल की छात्रा थी। स्कूल जाने के दौरान आरोपी युवक उसे रास्ते में परेशान करता था। बेटी ने परिजनों से इसकी शिकायत की थी। आरोपी युवक की वजह से परिजनों ने उसका स्कूल जाना बंद करवा दिया था। इसके बाद भी आरोपी युवक मौका पाकर उसे परेशान करता था।
- छह माह पहले हुई थी पंचायत
आरोपी युवक के बार-बार किशोरी के परेशान करने पर परिजन तंग आ चुके हैं। उन्होंने इसकी शिकायत आरोपी युवक के परिजनों से की थी। छह माह पहले इसको लेकर गांव में पंचायत भी हुई। इसमें आरोपी युवक के परिजनों ने किशोरी से दूर रहने की हिदायत दी थी लेकिन वह माना नहीं और उसने मौका लगते ही दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।