प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रोशनाबाद में आग लगाने से जलती कुर्सी
- फोटो : वीडियो ग्रैब
बीपी नापने के लिए कुछ देर रुकने को कहने से गुस्साए युवक ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पथराव कर कुर्सी में आग लगा दी। वार्ड बॉय ने कमरे में बंद होकर अपनी जान बचाई। पथराव में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की खिड़कियों के शीशे टूट गए। पुलिस के पहुंचने पर आरोपी युवक भाग गया।
क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रोशनाबाद में मंगलवार दोपहर गांव का युवक दवा लेने अस्पताल पहुंचा। उसने वार्ड बॉय राजा से बीपी नापने के लिए कहा। राजा ने कुछ देर रुकने के लिए कहा। इससे गुस्सा होकर युवक गाली-गलौज करने लगा। इसका विरोध करने पर वह हाथापाई पर आमादा हो गया। इससे वार्ड बॉय ने कमरे का अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। इसके बाद जीशान पथराव करने लगा। इससे खिड़कियों के कांच टूट गए। उसने अस्पताल के जमीन पर पड़े कागजों में आग लगा दी और वहां रखी एक कुर्सी को भी आग के हवाले कर दिया। राजा ने वहां रखे को डालकर आग पर काबू पाया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। इस बीच युवक वहां से भाग गया।
राजा ने बताया कि फार्मासिस्ट शैलेंद्र सिंह छुट्टी पर थे। इससे अस्पताल में वह अकेला था। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. सरवर इकबाल को मामले की जानकारी दी गई। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ थाने में प्रार्थना पत्र दिया। प्रभारी थानाध्यक्ष अनुज कुमार ने बताया कि तहरीर मिली है जांच कर कार्रवाई की जाएगी आरोपी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही है।