कायमगंज क्षेत्र के गांव जिजपुरा में मंगलवार को 21 वर्षीय युवती संदिग्ध परिस्थितियों में आग से झुलस गई। गंभीर हालत में परिजन उसे सीएचसी लेकर पहुंचे। वहां से डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। महेंद्र कुमार की पुत्री नीलम खेत पर बनी झोपड़ी में गई थी। वहां गृहस्थी का सामान रखा था और मवेशी बंधे रहते हैं।
आरोप है कि उसी दौरान मुंह पर कपड़ा बांधे एक लंबे युवक ने उसके साथ मारपीट की और डीजल डालकर आग लगा दी। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे तो आरोपी भाग निकला। सीएचसी के डॉक्टर जितेंद्र बहादुर के अनुसार युवती लगभग 90 प्रतिशत से अधिक झुलसी है और उसकी हालत बेहद गंभीर है। सूचना पर कोतवाली प्रभारी पुलिस बल के साथ पहुंचे और जांच शुरू कर दी। परिजनों में कोहराम मचा है।