कानपुर देहात। प्रोन्नत वेतनमान, लंबित वेतन विसंगतियों व सुविधाओं की मांग को लेकर बिजली विभाग के जेई मंगलवार को दो दिन के कार्य बहिष्कार पर चले गए। इससे कनेक्शन काटने, झटपट पोर्टल पर कनेक्शन जारी करने और मीटर लगाने का काम प्रभावित रहा।
जूनियर इंजीनियर संघ काफी दिनों से संवर्गीय समस्याओं के निदान की मांग कर रहा है। मांगे पूरी न होने पर विद्युत जेई संगठन मंगलवार को कार्य बहिष्कार चला गया। जिले में करीब 21 जेई कार्यरत हैं। सभी ने सीयूजी नंबर बंद कर दिए। विभागीय व्हाट्सएप ग्रुपों से भी जेई लेफ्ट कर गए। जूनियर इंजीनियर संगठन के कार्य बहिष्कार की वजह से बकाएदारों के कनेक्शन काटने का काम नहीं हो सका। इसका असर राजस्व वसूली पर पड़ा है।
जूनियर इंजीनियर संघ के क्षेत्रीय अध्यक्ष राहुल सिंह, जिला सचिव इंद्रजीत पंडित, उपाध्यक्ष हरिप्रकाश व वित्त सचिव सत्यप्रकाश ने बताया कि बुधवार को भी कार्य बहिष्कार रहेगा। इस दौरान कानपुर स्थित मुख्य अभियंता कार्यालय में सभी जेई धरना देंगे।