हरदोई के अतरौली में सोमवार सुबह एक बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला कहीं जाने के लिए मैजिक डाला पर सवार हुई। इसी दौरान कुछ ऐसा हुआ जो महिला से नागवार गुजरा और उसने कुछ ऐसा कर दिया कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
अतरौली थाना क्षेत्र के ग्राम ढिकुन्नी में सोमवार की सुबह लगभग 6 बजे एक महिला ने मैजिक डाला से छलांग लगा दी। सड़क पर सिर के बल गिरने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों ने यूपी 100 पर घटना की जानकारी दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में ले लिया। महिला की शिनाख्त कराने की कोशिश की जा रही है। बताया जाता है कि महिला मैजिक डाला में पीछे की ओर सवार थी। डाला रुकवाने के लिए उसने शोर मचाया था। जब शोर मचाने के बाद भी डाला नहीं रुका तो महिला ने अपने को असुरक्षित समझ कर छलांग लगा दी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वहीं हरदोई जिले के पाली थाना के कटरा बिल्हौर हाईवे पर निजामपुर मोड़ के निकट एक टेंपो पलट गया। हादसे में चालक रामकुमार की मौके पर ही मौत हो गई।