दुकान के सीसीटीवी कैमरे में कैद हुईं संदिग्ध महिलाएं
- फोटो : अमर उजाला
जालौन जिले के कुठौंद में सराफा बाजारों में महिलाओं का गिरोह सक्रिय है। गुरुवार को उरई के बाद कुठौंद इलाके में महिलाओं के टप्पेबाजी करने का मामला सामने आया है। महिलाओं ने सराफा की दुकान से करीब सात लाख के जेवर पार कर दिए।
सराफ ने घटना की जानकारी पुलिस को दी है। पुलिस ने चार दिन पहले की घटना में अब तक रिपोर्ट भी दर्ज नहीं की है। थाना प्रभारी अरुण तिवारी का कहना है कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।
इलाके के मदारीपुर क्षेत्र स्थित बेनीप्रसाद ज्वैलर्स के मालिक कृष्ण मुरारी ने पुलिस को बताया कि 22 सितंबर को दुकान पर पांच-छह महिलाएं जेवर खरीदने आई थीं। यह काफी देर तक जेवर पसंद करती रहीं।
बाद में बिना कुछ खरीदारी किए लौट गईं। कृष्ण मुरारी ने बताया कि उसी दिन दुकान में लगे कैमरों का डीवीआर (डिजिटल वीडियो रिकार्डर)खराब हो गया। शनिवार को कैमरे सही कराए तो देखा कि इनमें से एक महिला ने जेवरों का एक डिब्बा अपने कपड़ों में छिपा लिया।
डिब्बे में करीब सात लाख के जेवर थे। इस पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे से टप्पेबाज महिलाओं की तस्वीर ली। इनकी तलाश शुरू कर दी है। थाना प्रभारी के बताया कि इन संदिग्ध महिलाओं का पता किया जा रहा है। दो दिन पहले इसी तरह उरई के सराफा बाजार से महिलाओं ने जेवर का डिब्बा पार कर दिया था। इसकी रिपोर्ट थाने में दर्ज की गई है।