कानपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन पर बुधवार को छत्रपति शाहूजी महाराज विवि में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने 70 लाभार्थियों को सरकार की 13 योजनाओं का लाभ दिया। इसमें कानपुर नगर और देहात के लाभार्थी शामिल रहे।
इस दौरान राज्यपाल ने महिलाओं के स्वास्थ्य और नारी सशक्तिकरण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि थोड़ी भी दिक्कत होने पर महिलाएं तुरंत अस्पताल में जांच कराएं अन्यथा बीमारी कैंसर का रूप ले सकती है। पुरुषों के साथ महिलाओं को अपने स्वास्थ्य पर ध्यान देना बहुत जरूरी है।
कार्यक्रम का शुभारंभ आंगनबाड़ी के बच्चों की ओर से दी गई प्रस्तुति से हुआ। देशभक्ति और धार्मिक गीतों पर शानदार प्रस्तुतियां देख राज्यपाल खुश हुईं और बच्चों को चाकलेट दी। उन्होंने कहा कि पीएम और सीएम की मंशा है कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे।
महिलाओं का सशक्तिकरण और शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं तक उनकी पहुंच सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पीएम ने गांव-गांव स्थित सीएचसी में जांच कैंप का शुभारंभ किया है जिसमें सभी जाएं और जांच कराएं। महिलाएं घर से लेकर बाहर तक काम करतीं हैं। आपकी जिम्मेदारी है कि अपने स्वास्थ्य पर ध्यान दें।
सरकार ने सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए वैक्सीन लगवाने की शुरूआत की है। नौ से 14 वर्ष की बालिकाएं अपने नजदीकी अस्पताल पर जाकर मुफ्त में वैक्सीन लगवा सकती हैं। मौके पर सांसद देवेंद्र सिंह भोले, रमेश अवस्थी, विधायक नीलिमा कटियार, कुलपति प्रो. विनय पाठक, जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह, डीएम देहात कपिल सिंह, सीडीओ दीक्षा जैन और लक्ष्मी एन आदि अधिकारी मौजूद रहीं।
इन परियोजनाओं के लाभार्थियों को किया सम्मानित
टीबी से पीड़ित 10 लाभार्थियों को पोषण पोटली, सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए 10 लाभार्थियों को वैक्सीन लगवाने का प्रमाण पत्र, 10 आंगनबाड़ी की कार्यकर्ताओं को प्री स्कूल किट, नून नदी के जीर्णोद्धार में काम करने वाली पांच महिलाओं को प्रशस्ति पत्र, तीन लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड, तीन छात्रों को टैबलेट, पीएम व सीएम आवास योजना के दो-दो लाभार्थियों को चाभी, तीन लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति पत्र, पीएम सम्मान निधि के तीन लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, पीएम सूर्य घर के तीन लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, तीन लाभार्थियों को अंत्योदय राशन कार्ड, श्रम विभाग के तीन व उद्यम योजना के पांच लाभार्थियों को ई ऑटो की चाभी सौंपी गई।