हरदोई। टड़ियावां थाना क्षेत्र के ग्राम निरंजनपुरवा में शुक्रवार रात पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर किसान की हत्या कर दी। शनिवार सुबह छत पर सो रही पुत्री नीचे आई तो आंगन में पिता का शव देख उसके होश उड़ गए। उसके गले पर रस्सी के निशान थे। शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। मृतक के बहनोई की तहरीर पर पुलिस ने महिला और उसके अज्ञात प्रेमी के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
ग्राम निरंजनपुरवा निवासी सीताराम (45) पुत्र भभूती किसान था। उसने पहली शादी टड़ियावां थाना क्षेत्र के शिवलालपुरवा निवासी महिला के साथ हुई थी। उससे एक पुत्री गीता भी है। पहली पत्नी की मौत के बाद मायके पक्ष ने छोटी बेटी मीरा से सीताराम का विवाह करा दिया था। उससे उसकी तीन पुत्रियां बिंदाश्री, जूली और अस्मिता हैं। शुक्रवार रात तीनों बेटियां छत पर सोईं थी जबकि सीताराम पत्नी मीरा के साथ कमरे में था। शनिवार सुबह जब जूली छत से नीचे आई तो सीताराम का शव आंगन में जमीन पर पड़ा देख चीख पड़ी। शोर सुनकर पड़ोस के लोग भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस घटनास्थल पहुंची और पुत्रियों से पूछताछ की।
मृतक के गले पर निशान थे और मौके पर टूटी चूड़ियां पड़ी मिलीं। मृतक का बहनोई परमाई लाल पुत्र मुरली निवासी विशंभरपुरवा भी वहां पहुंच गया। उसने पुलिस को बताया कि सीताराम की पत्नी मीरा के प्रेम संबंध सांडी थाना क्षेत्र के ग्राम सैदापुर निवासी एक व्यक्ति से हैं। आरोप लगाया कि मीरा ने प्रेमी और दो अन्य लोगों के साथ मिलकर सीताराम की हत्या की है। पुलिस ने मीरा और उसके प्रेमी के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। टड़ियावां के प्रभारी निरीक्षक सुभाष चंद्र सरोज ने बताया कि मीरा को हिरासत में लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी।