पुलिस के इकबाल को अब महिलाओं ने भी चुनौती देनी शुरू कर दी है। विवाद की सूचना पर रविवार रात पहुंचे दो सिपाहियों को चार महिलाओं ने पहले लाठी-डंडों से पीटा, फिर दोनों की वर्दी फाड़ डाली। महिलाओं के चंगुल से छूटे सिपाहियों ने थाने पर सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने रात में ही मोहल्ले में आरोपियों के घरों पर जमकर तांडव किया। पिटे सिपाहियों ने थाने में चार महिलाओं और तीन पुरुषों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। घटना यूपी के हरदोई जिले की है।
घटना सांडी थाना क्षेत्र के मोहल्ला सरॉयमुल्लागंज की रविवार रात नौ बजे की है। यहां के रामलाल और लक्ष्मण के बीच खेत से निकली चकरोड को लेकर काफी दिनों से विवाद चल रहा है। रविवार को दोपहर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसका निपटारा थाने में हो गया, मगर रात में फिर विवाद होने पर लक्ष्मण के पुत्र सत्यकुमार ने पुलिस को फोन पर सूचना दी। सूचना पर थाने से सिपाही वीरेंद्र राठी और योगेश पहुंचे। दोनों सिपाहियों ने रामलाल के घर में पूछताछ करनी चाही। घर से कोई पुुरुष बाहर नहीं निकला, पर निकलीं महिलाओं ने दोनों सिपाहियों पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। इतना ही नहीं सिपाहियों की वर्दी भी फाड़ दी।