रसूलाबाद। औरैया जिले थाना बेला के याकूबपुर निवासी एक विवाहिता की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। परिजन मृत अवस्था में उसे लेकर सीएचसी रसूलाबाद पहुंचे। घटना संदिग्ध समझ डॉक्टर ने पुलिस बुला ली। पुलिस ने मामले की छानबीन कर औरैया जिले की बेला पुलिस को जानकारी दी है।
बेला थाना क्षेत्र के याकूबपुर निवासी लाल सिंह उर्फ लाले दिल्ली में रहकर सिलाई का काम करता है। उसकी पत्नी सोनी (30) की बुधवार शाम संदिग्ध हालात में मौत हो गई। सास मंजूसा, मृतका की बड़ी बहन पूजा के साथ सोनी को लेकर सीएससी रसूलाबाद पहुंची। वहां ईएमओ डॉ. बृजेश कुमार ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना संदिग्ध समझ ईएमओ ने रसूलाबाद पुलिस को जानकारी दी। महिला की मौत की जानकारी पर थाना प्रभारी जनार्दन सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव देखा, मृतका के गले में निशान मिला। इधर सास व बहन ने पुलिस को करंट लगने की जानकारी दी। सास मंजूसा ने बताया कि शाम के समय बहू ने छह वर्षीय बेटे अंशू को दवा लेने के लिए डॉक्टर के पास भेजा था। जब वह छह बजे लौट कर आई तो बहू आंगन में औधें मुंह पड़ी थी। इस पर उसने पड़ोस में रहने वाली सोनी की बड़ी बहन पूजा को जानकारी दी और कार से उसे सीएचसी लेकर 7:25 बजे अस्पताल लेकर आई। थाना प्रभारी जनार्दन प्रताप सिंह ने बताया कि मृतका के पिता सरवंत कुमार निवासी अड़ंगापुर कन्नौज व परिजनों को जानकारी दी गई है। छानबीन करने के बाद बेला पुलिस को सूचना दे दी गई है। घटना बेला की है, बेला पुलिस ही शव का पोस्टमार्टम कर जांच करेगी।