यूपी में हरदोई जिले की देहात कोतवाली क्षेत्र के भुड़वा गांव में शुक्रवार शाम संदिग्ध हालात में महिला की मौत हो गई। मृतका के भाई ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया है। वहीं पति ने बीमारी से मौत होने की बात कही है। कोतवाल का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी।
देहात कोतवाली क्षेत्र के पोहकरपुरवा निवासी बहादुर ने बेटी शशी (30) की दस वर्ष पूर्व भुड़वा निवासी अशोक के साथ शादी की थी। उसके एक पुत्र अंकित और पुत्री सोनी है। शशी के भाई दिनेश ने बताया कि शुक्रवार को बहनोई ने उसकी बहन की बीमारी से मौत होने की सूचना दी। जब वह परिवार के साथ पहुंचा तो बहन का शव बरामदे में जमीन पर पड़ा था। उसने ससुरालियों पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं अशोक ने बताया कि एक सप्ताह से उसकी पत्नी डायरिया से पीड़ित थी। उसका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा था। शुक्रवार को चिकित्सक ने हालत गंभीर होने पर उसे रेफर कर दिया था। वह उसे लखनऊ ले जा रहे थे लेकिन रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। कोतवाल सुधीर त्यागी ने बताया कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी।