चकलवंशी (उन्नाव)। उन्नाव-संडीला मार्ग पर मौरंग लदे डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि ग्राम प्रधान समेत दो घायल हो गए। चालक दो किलोमीटर दूर डंपर छोड़कर भाग गया। पुलिस ने डंपर कब्जे में लिया है। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
औरास थाना क्षेत्र के लोधाटीकुर गांव निवासी बचान सिंह की बहन बिट्टी कानपुर देहात जिले के मैथा थाने के लालपुर गांव में ब्याही हैं। बिट्टी के यहां 14 जून को भंडारा था। भंडारे में बचान सिंह की पत्नी सीमा सिंह (36), चचेरा भाई सुरेश सिंह (35) और ग्राम प्रधान सुषमा सिंह (42) गए थे। गांव की पिंकी, उनका देवर रामवीर सहित गांव के कई अन्य लोग भी गए थे।
शुक्रवार की सुबह सुरेश सिंह अपनी चचेरी भाभी सीमा सिंह और ग्राम प्रधान सुषमा सिंह को बाइक पर बैठाकर लौट रहा था। उन्नाव-संडीला मार्ग पर आसीवन थाना क्षेत्र के हैदराबाद कस्बे में मौरंग लदे डंपर ने सुरेश की बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक पर बैठीं प्रधान सुषमा और सीमा सड़क पर गिर गईं। भागने के प्रयास में डंपर चालक सीमा को रौंदते हुए निकल गया।
सीमा की मौके पर ही मौत हो गई। प्रधान सुषमा और बाइक चालक घायल हैं। पुलिस ने घायलों को मियागंज सीएचसी में भर्ती कराया है। प्रधान की हालत गंभीर देखते हुए लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। सीमा का शव देखकर दूसरी बाइक पर बैठी पिंकी बेहोश होकर गिर गईं। पुलिस ने उन्हें भी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।
हादसे के बाद पुलिस और कस्बे के लोगों ने डंपर का पीछा किया तो घटनास्थल से करीब दो किमी दूर टियर गांव के पास चालक डंपर छोड़कर भाग गया। पुलिस ने डंपर कब्जे में लिया है। प्रधान के बेटे विनय सिंह ने डंपर के नंबर के आधार पर थाने में तहरीर दी है। आसीवन एसओ अनुराग सिंह ने बताया कि डंपर के मालिक और चालक का पता लगाया जा रहा है।
उन्नाव-संडीला मार्ग पर औरास की ओर जा रहे ई-रिक्शा में आम की खाली पेटियां लदी थीं। हैदराबाद कस्बे में एक पेटी रिक्शे से गिर गई। उससे बचने के प्रयास में सुरेश ने बाइक सड़क के बीच की तरफ घुमाई तभी पीछे से आ रहा तेज रफ्तार डंपर चालक नियंत्रित नहीं कर पाया और बाइक में टक्कर मार दी। इसके बाद महिला को रौंदते हुए निकल गया।
लोधाटीकुर गांव से आठ किमी दूर हुए हादसे की सूचना जैसे ही ग्रामीणों को मिली, परिजन और काफी संख्या में ग्रामीण पहुंच गए। मृतका सीमा के पति बचान सिंह, बेटे गोलू, अमन और आकाश बेहाल हो गए।
सीएचसी में जांच कराने आईं रुची।- फोटो : UNNAO