सहयोग फाउंडेशन की ओर से बुधवार को जीटी रोड नारामऊ स्थित अनंतम रिसोर्ट में दिवाली महोत्सव मनाया गया। इसमें मुख्य अतिथि के तौर पर जीटीवी के सीरियल ‘छोटी बहू सलोनी’ फेम कलाकार कीर्ति केलकर शामिल हुईं।
कीर्ति ने इस मौके पर महिलाओं से खुद पर भरोसा कर अपने को मजबूत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति से ही देश मजबूत होगा। महिलाओं में हौसला है और वक्त वक्त पर वह इसे साबित करती रही हैं।
यहां पर संस्था की ओर से गोद लिए नौबस्ता स्थित कविता स्कूल के बच्चों ने कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। संस्था की अध्यक्ष सुमन तिवारी ने बताया कि संस्था के लोग आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों की पढ़ाई लिखाई का बीड़ा उठाते हैं।
सामाजिक कार्यों में लोगों को सहयोग देना ही सहयोग फाउंडेशन का आधार है। इस कार्यक्रम में संस्था की अध्यक्ष सुमन तिवारी, महासचिव संगीता सेंगर, अपर्णा सिंह, नीलम खेमका, रूबी खट्टर, डिंपल गुप्ता, शालू चौधरी, नेहा, मोनिका, विजेता मौजूद रहे।