ग्रामीणों ने देखा नाले में उतराता शव
जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के पुरवा कुशल निवासी शकुंतला (40) का शव शनिवार दोपहर बाद कान्हो गांव के ओवरब्रिज के पास नाले में ग्रामीणों ने देखा। महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पानी में पड़ा था। शोर मचने पर आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग भी मौके पर पहुंच गए। सूचना पाकर थानाध्यक्ष अजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू की।
परिजनों का आरोप: पति ने की हत्या
शव को नाले से बाहर निकालकर जब शिनाख्त की गई, तो परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों और परिजनों ने पुलिस को बताया कि शकुंतला और उसके पति के बीच काफी समय से अनबन चल रही थी। आरोप है कि शनिवार को विवाद के दौरान पति ने शकुंतला की हत्या कर दी और राज छुपाने के उद्देश्य से शव को गांव से दूर नाले में फेंक दिया। हत्या की बात सामने आते ही पुलिस सक्रिय हो गई। थानाध्यक्ष ने टीम के साथ संभावित ठिकानों पर छापेमारी की और आरोपी पति को हिरासत में लेकर थाने ले आई। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि हत्या कब और कैसे की गई।