दो साल से न्याय के लिए चक्कर लगा रही महिला ने शनिवार को थाने में जहर पी लिया। थाने में हालत बिगड़ने पर पुलिस महिला को पीएचसी गोपालगंज ले गई। डाक्टरों ने हालत चिंताजनक देख उसे कानपुर हैलट रेफर किया है। महिला का ससुराली पक्ष से विवाद बताया जा रहा है।
कल्यानपुर थानाक्षेत्र के हरसिंह गांव निवासी नारायण सिंह ने बेटी सुनीता (35) की शादी गांव के रामकृपाल सिंह के बेटे नीरज सिंह के साथ 2006 में की थी। 2010 में दंपति में विवाद होने के कारण महिला मायके चली गई। महिला के एक बेटी खुशी (10) और बेटा अर्पित सिंह (8) हैं। दोनों बच्चे मां के साथ हैं। 2010 में महिला ने गुजारा भत्ता के लिए अदालत में वाद दाखिल किया।