झींझक। रानेपुर गांव में मंगलवार रात संदिग्ध हालातों में आग लगने से महिला झुलस गई। मोहल्ले के लोगों ने उसे सीएचसी पहुंचाया। वहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। सीएचसी से पुलिस को मेमो भेजा गया।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घटना की जानकारी पर इटावा से पहुंचे मृतका के मायके वालों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर हत्या का आरोप लगाया है, लेकिन पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी।
रानेपुर गांव निवासी रामभजन की शादी दस वर्ष पूर्व विजयनगर इटावा में शिखा के साथ हुई थी। मंगलवार रात संदिग्ध हालातों आग लग गई। इससे शिखा (29) बुरी तरह से झुलस गई। रात करीब 1:30 बजे मोहल्ले के सुरेश व वीरेंद्र ने उसे झींझक सीएचसी पहुंचाया।
डॉक्टरों ने शिखा को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। डॉक्टर शिरोमणि ने बताया कि मृतका की अस्पताल आने से पूर्व ही मौत हो चुकी थी। मृतका के भाई विजयनगर इटावा निवासी अनुज ने पुलिस को बताया कि दहेज के लिए बहन को ससुराल में परेशान किया जाता था।
मांग पूरी न होने पर मिट्टी का तेल डालकर बहन को जलाकर मार दिया गया है। प्रभारी निरीक्षक मंगलपुर अजयपाल सिंह ने बताया कि अस्पताल के मेमो के आधार पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अन्य बिंदुओं पर जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।