कानपुर के रावतपुर थाना इलाके में प्रेम विवाह के डेढ़ माह बाद नवविवाहिता की शुक्रवार को संदिग्ध हालात में मौत हो गई। सिर, चेहरे, गले, गर्दन, हाथ, पैर पर चोट के निशान देखकर मायके वालों ने जमकर हंगामा किया। पुलिस ने पति को हिरासत में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
बिठूर के नारामऊ निवासी दिनेश सोनकर उर्फ पप्पू ने बताया कि उनकी बेटी अवंतिका सोनकर (20) बीएससी कर रही थी। आरोप लगाया कि विनायकपुर केडीएमए स्कूल के पास रहने वाले गौरव मिश्रा ने अवंतिका को प्रेमजाल में फंसाकर डेढ़ महीने पहले कोर्ट मैरिज कर ली थी।
मां संगीता ने बताया कि शादी के बाद अवंतिका ने फोन कर चार हजार रुपये मांगे, जो उन्होंने दे दिए। आरोप लगाया कि गौरव अक्सर पैसे की मांग करता था और न देने पर अवंतिका को प्रताड़ित करता था। अवंतिका से गुरुवार को भी पैसे मंगवाए थे, उनके पैसे न देने पर बेटी को पीटा।
शुक्रवार सुबह गौरव ने फोन कर बताया कि अवंतिका बीमार है और कल्याणपुर के एक अस्पताल में भर्ती है। वह लोग अस्पताल पहुंचे, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। गौरव ने पांच दिन पूर्व अवंतिका के बीमार होने की बात बताई थी।