प्रेम विवाह के कुछ ही दिन बाद शुरू हो गई कलह और तकरार का अंत पत्नी द्वारा आत्महत्या कर लेने से हुआ। ससुराल में फांसी लगाकर पत्नी ने जान दे दी। बंद कमरे का दरवाजा तोड़कर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
शहर कोतवाली क्षेत्र के बंगालीपुरा में गुरुवार रात रंजना (26) पत्नी अमित गुप्ता ने ससुराल में टीनशेड पर साड़ी बांधकर फांसी लगा ली। शुक्रवार सुबह पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पति अमित ने बताया कि शहर के गायत्री नगर निवासी रंजना से उसकी दोस्ती चार साल पहले फेसबुक के जरिए हुई थी।
कुछ दिनों बाद हम दोनों ने बांदा में ही मंदिर में प्रेम विवाह कर लिया। लेकिन रंजना के घरवाले इस पर सहमत नहीं हुए और उन्होंने रंजना से अपने संबंध तोड़ लिए। इससे रंजना दुखी रहती थी। अमित के मुताबिक, इसी तनाव में वह छोटी-छोटी बातों पर झगड़ा करती थी। बताया कि रविवार को शाम दोनों के बीच मामूली नोकझाेंक हुई।
इसके बाद रंजना अपने कमरे चली गई, फिर बात न बढ़े इसलिए वह दूसरे कमरे में सो गया। रात में किसी समय रंजना ने फांसी लगा ली। अमित जनसेवा केंद्र चलाता है। अपर पुलिस अधीक्षक लक्ष्मी निवास मिश्रा ने बताया कि तहरीर मिलने पर जांच की जाएगी।