होलिका में जली महिला का शव और पास में लगी ग्रामीणों की भीड़
यूपी के कानपुर देहात में होलिका दहन में महिला के जलकर मरने का बड़ा ही अजीब मामला सामने आया। होलिका की लकड़ियों के बीच पहले से ही घुसकर बैठी एक महिला आग लगते ही जिंदा जल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव के अवशेषों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कानपुर देहात मूसानगर थाना क्षेत्र के गुलौली में होलिका दहन के पहले एक महिला घुस कर बैठ गई। वह होली में ही जल गई। लोगों की सूचना पर पुलिस अधीक्षक रतनकांत पांडेय मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। ग्रामीणों ने बताया कि महिला पुष्पेंद्रसिंह की पत्नी सीमा देवी (35) अपने मायके गुलौली में ही रहती थी।
दिमागी विक्षिप्त होने के कारण ससुराल जालौन थाना कुठौंद के रणधीरपुर से चली आई थी। यहां भी उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ। परिजनों ने बताया कि वह जहां बैठ जाती थी वहीं घंटों बैठकर पूजा किया करती थी। होलिका के भीतर लकड़ियों में छुपकर वह कितने समय बैठी किसी ने नहीं देखा। रात में होलिका दहन के फाग होती रही। वह बाहर निकाली नहीं।
उधर पुलिस ने मामले को संदिग्ध बताया है। पुलिस का कहना है कि हो सकता है महिला की हत्या कर उसे जलाकर फेंका गया हो।
एसपी ने फॉरेंसिक टीम से इसकी जांच कराई है और शव का पोस्टमॉर्टम कराकर जांच का आदेश दिया है।