कानपुर। हनुमंत विहार क्षेत्र के अर्रा बिनगवां में स्कूटी सवार महिला को पालतू कुत्ते ने काट लिया। शिकायत करने पर कुत्ते के मालिक ने महिला से गाली-गलौज और मारपीट कर दी। महिला की तहरीर पर थाना पुलिस ने कुत्ता मालिक के खिलाफ गुरुवार को रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वहीं, कुत्ता मालिक कहीं चला गया है।
अर्रा बिनगवां निवासी विकास चतुर्वेदी की पत्नी प्राची शुक्ला 21 जनवरी को बच्चों को स्कूल छोड़कर स्कूटी से लाैट रही थी। प्राची के मुताबिक, निमटेक कंप्यूटर सेंटर के पास नारायणपुरी में गाड़ियों के सामने आने पर स्कूटी रोक दी। वहां पर रहने वाले जयपाल सिंह के पालतू कुत्ते ने दोनों पैरों में काट लिया। इससे वह स्कूटी से गिरकर घायल हो गईं। इस पर जयपाल से शिकायत की। आरोप है कि जयपाल ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। मोहल्ले के लोगों ने बताया कि पालतू कुत्ता इससे पहले भी दो से तीन लोगों को काट चुका है। एडीसीपी साउथ महेश कुमार ने बताया कि प्राची की तहरीर पर कुत्ता मालिक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी के घर में ताला लगा है।