यूपी के फर्रुखबाद जिले में बसे 22 गांवों में आदमखोर जंगली जानवर का खौफ बरकरार है। यहां के नवाबगंज इलाके के बाद अब जंगली जानवर मोहम्मदाबाद क्षेत्र में घुस गया है। गुरुवार की रात पुराने किले के टीले के पास मक्के की फसल की रखवाली कर रहे किसानों ने उस अनजान जंगली जानवर को देखा। इससे उनमें दहशत व्याप्त है।
मोहल्ला किदवई नगर निवासी राजेश बाथम व उनकी पत्नी मीना देवी ने बताया कि खेतों के पास काम करते समय उन्होंने जंगली जानवर को अपनी ओर आते देखा। उन्होंने टार्च जलाई तो वह उनकी ओर लपका। इस पर उन लोगों ने भागकर जान बचाई। शोर सुनकर मोहल्ले के सैकड़ों लोग मौके पर इकट्ठा हो गए।
हाथों में लाठी-डंडा लिए लोगों ने छानबीन की पर जंगली जानवर का कोई पता नहीं चला। सूचना पर इंसपेक्टर संजीव सिंह राठौड़ दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। कंट्रोल रूम के जरिए वन विभाग के अफसरों को खबर दी गई। शुक्रवार की सुबह नौ बजे वन विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और जंगली जानवर के पैरों के निशान के फोटो लिए। डीएफओ देवेश श्रीवास्तव ने बताया कि निशान किसी छोटे जंगली जानवर के हैं। लोग भयभीत न हों। लेकिन एहतियात के तौर पर अकेले खेतों पर न जाएं।
चार-पांच लोग झुंड बनाकर घरों से निकलें। वन दरोगा धीरेंद्र यादव ने गांव वालों को अपना मोबाइल नंबर दिया और कहा कि दुबारा जंगली जानवर दिखे तो सूचित करें। टीम उसे पकड़ने के लिए आएगी। गांववालों का तो यहां तक कहना है कि ‘अचानक गायब’ हो जाने वाला वो आमदखोर आम जानवर नहीं बल्कि एलियन जैसा दिखता है।