आने वाले दिनों में यूपी के ग्रामीण इलाकों में भी लोग आसानी से इंटरनेट का प्रयोग कर पाएंगे। इसके लिए योगी सरकार ने आईआईटी कानपुर के विशेषज्ञों की मदद से प्रदेश के सभी गांवों को वाई-फाई युक्त करने का प्रस्ताव तैयार किया है। डिजिटल पेमेंट को बढ़ावा देने में भी यह कारगर होगा।
इस बावत शनिवार को आईआईटी कानपुर के डिप्टी डायरेक्टर प्रो. मणिंद्र अग्रवाल व कुछ अन्य विशेषज्ञों ने डिप्टी सीएम और शिक्षा मंत्री दिनेश शर्मा से लखनऊ सचिवालय में मुलाकात की। बैठक में चर्चा हुई कि किस तरह से आईआईटीयंस यूपी के विकास में अपनी सहभागिता दे सकते हैं।
प्रो. मणिंद्र ने बताया कि पहले पॉयलट प्रोजेक्ट के तहत एक गांव में वाई-फाई सेवा देकर ट्रायल किया जाएगा। इसके बाद धीरे-धीरे सभी गांवों को इससे जोड़ा जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार साइबर क्राइम को लेकर भी गंभीर है। साइबर क्राइम को बढ़ता देख आईआईटी कानपुर सिक्योरिटी सिस्टम को हाईटेक करने में भी यूपी सरकार की मदद करेगी।