शहीद सीओ की बेवा आशा पहुंची सिविल लाइन चौकी
- फोटो : अमर उजाला
बहुचर्चित बिकरू कांड के शहीद क्षेत्राधिकारी देवेंद्र मिश्रा की पत्नी आशा मिश्रा ने चौकी सिविल लाइन में तहरीर दी। आरोप लगाया कि देवर उनके मकान पर कब्जा करना चाहते हैं। मकान का ताला तोड़कर उनका कीमती सामान भी गायब कर दिया है। पहले भी एसी गायब कर चुके हैं।
शहीद क्षेत्राधिकारी देवेंद्र मिश्रा की पत्नी आशा बेटियों के साथ कानपुर में रहती हैं। बुधवार को मायके शादी समारोह में शामिल होने आई थीं। इस दौरान वह ससुराल शहर कोतवाली क्षेत्र के महाराणा प्रताप चौक के पास स्थित मकान में पहुंची। आरोप लगाया कि मकान का ताला टूटा मिला। सारा सामान अस्त व्यस्त था। उन्हें घर के अंदर घुसने नहीं दिया जा रहा है, जबकि मकान के तीन हिस्से हैं। बताया कि किराएदार दुकानदार पांच महीने से किराया भी नहीं दे रहा। देवरों का कहना है कि न्यायालय में मुकदमा चल रहा है। आशा मिश्रा ने चौकी में तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शहर कोतवाल पंकज सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। बंटवारे को लेकर न्यायालय में मुकदमा भी चल रहा है।