महाराष्ट्र से उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जा रही स्पेशल ट्रेन लाइन क्लीयर न होने के कारण लगभग सवा घंटे तक हरदोई स्टेशन पर खड़ी रही। इस दौरान कुछ श्रमिक स्टेशन पर दूसरे श्रमिकों के लिए रखी खाद्य सामग्री जबरन उठाने लगे तो आरपीएफ के एक कर्मी ने श्रमिक को डंडा मार दिया।
नाराज दर्जनों श्रमिक प्लेटफार्म पर आ गए और हंगामा करने लगे। आरपीएफ, जीआरपी प्रभारी व शहर कोतवाल ने मौके पर पहुंच कर श्रमिकों को समझा बुझाकर मामला शांत कराया। मुंबई से दिल्ली होते हुए गोरखपुर जा रही श्रमिक स्पेशल ट्रेन सुबह 8.30 बजे हरदोई स्टेशन पहुंची।