कानपुर। नौबस्ता चौराहे पर गुरुवार को ट्रैफिक पुलिस ने अभियान चलाकर पांच वाहनों को सीज किया। कई के चालान कर चेतावनी दी कि चाैराहे पर वाहन खड़े कर सवारियां न बैठाएं। इसके चलते चौराहा पूरे दिन जाम मुक्त नजर आया।
डीसीपी ट्रैफिक रवींद्र कुमार ने ऑटो और ई-रिक्शों को चौराहे से करीब 100 मीटर दूर खड़े करने का आदेश दिया है। इसी के चलते ट्रैफिक पुलिस ने अभियान चलाया। नौबस्ता चौराहे से पुलिसकर्मी वाहनों को हटाते रहे। इसके चलते आवागमन आसान रहा।
टीआई राजेश मिश्रा ने बताया कि चौराहों पर अवैध पार्किंग, ऑटो और ई-रिक्शों का बेतरतीब संचालन तथा बीच सड़क पर सवारी बैठाना जाम की प्रमुख वजह है। इसी को देखते हुए अभियान चलाया गया है। यदि वाहन चालक नियमों का पालन नहीं करेंगे तो सीज और चालान की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।