फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

थमेंगे पहिए, बढ़ेगी मुश्किल

Thu, 01 Oct 2015 01:48 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, कानपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
टोल टैक्स और टीडीएस की दरों में वृद्धि के विरोध में पहली अक्तूबर से शुरू ट्रकों की देशव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल से पब्लिक की मुश्किलें बढ़ेंगी। हड़ताल से मंडियों में अनाज, किराना, फलों व सब्जियों की आवक रुकेगी।
विज्ञापन


बाजार में इसका असर हड़ताल के दूसरे दिन से ही दिखेगा।  हड़ताल यदि लंबी चली तो मंडियों, मिलों और गोदामों में माल डंप पड़ा रहेगा। इससे लोगों तक इसकी सप्लाई तो बाधित होगी ही, भारी मात्रा में माल सड़ेगा और नष्ट होगा। इससे दैनिक उपयोग की वस्तुओं, खाद्य पदार्थों के दाम बढ़ेंगे।

जिले के हजारों दिहाड़ी मजदूर, ड्राइवर, क्लीनर, पल्लेदार बेरोजगार होंगे। माल की सप्लाई न होने से औद्योगिक मशीनरी भी ठप रहेगी। इससे सरकार को अरबों रुपये के राजस्व का नुकसान तो होगा ही, उत्पादन ठप होने से कामगारों पर भी असर पड़ सकता है। मौरंग और ईंट की सप्लाई न होने से भवनों का निर्माण कार्य ठप हो जाएगा।
विज्ञापन


गौरतलब है कि  शहर में ही करीब 800 ट्रांसपोर्टर और करीब 15 हजार ट्रक हैं, जो देश के विभिन्न हिस्सों से शहर में और शहर से बाहर माल की सप्लाई करते हैं। इसके अलावा अन्य राज्यों के ट्रांसपोर्टरों के जरिये भी यहां माल की सप्लाई होती है। माल ढुलाई के लिए सबसे सुलभ साधन ट्रकों की देशव्यापी हड़ताल से आम और खास हर वर्ग प्रभावित होगा।


प्याज-टमाटर हो जाएगा और महंगा
मंडियों में प्रतिदिन 50 से ज्यादा ट्रकों का आवागमन रुकने से सब्जियों के रेट पर तुरंत असर दिखेगा। पहले से ही महंगा प्याज और टमाटर और महंगा हो जाएगा। हरी सब्जियों के रेट भी बढ़ेंगे।

ये सब भी प्रभावित होंगे
मूवर्स एंड पैकर्स, भट्ठा, मौरंग, गिट्टी, कच्चे चमड़े की सप्लाई, देश-विदेश से कंटेनरों के जरिए स्टेशन आया सामान, व्यापारियों और कारोबारियों के आर्डर, मकान की शिफ्टिंग करने वाले लोग, देश के बार्डरों पर रुका सामान, मिलों व गोदामों में लदे ट्रक और गल्ला आढ़ती आदि।


लदे ट्रक खाली करवाए, प्रदर्शन कर रोष जताया
उत्तर प्रदेश गिट्टी मौरंग ट्रक आपरेटर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष दीप अवस्थी के नेतृत्व में बुधवार को कारोबारियों ने फजलगंज, पनकी और भौंती में मौरंग गिट्टी ट्रक आपरेटरों से संपर्क किया। शाम को लदे ट्रक खाली करवाकर फजलगंज में प्रदर्शन भी किया। वहीं, यूपी मोटर ट्रांसपोर्टर एसोसिएशन ने ट्रांसपोर्ट नगर में बैठक कर गुुरुवार को सुबह छह बजे से हड़ताल की घोषणा की।

इसमें अध्यक्ष गुलशन कुमार, महामंत्री सतीश गांधी, मोटर कारोबारी सुभाष और हरीश कुमार शामिल हुए। तय हुआ कि सुबह छह बजे के बाद हाइवे, रूमा, ट्रांसपोर्ट नगर, पनकी, फजलगंज, दादा नगर और इंडस्ट्रियल एरिया में ट्रकों की आवाजाही नहीं होगी। ट्रांसपोर्ट कंपनियों में ताला रहेगा। कोई भी ट्रक मिलों व गोदामों से माल लोड नहीं करेगा। बिल्टी बनाने वाली ट्रांसपोर्ट कंपनियाें में भी कामकाज ठप रहेगा। कोई भी ट्रांसपोर्ट कंपनी खुली मिली तो हड़ताल के समर्थक उसे तत्काल बंद कराएंगे। सभी कारोबारी गुरुवार सुबह से ट्रांसपोर्ट भवन में धरना देंगे।

ये है मामला
यूपी मोटर एसोसिएशन के महामंत्री सतीश गांधी ने बताया कि सरकार को देश के 372 टोल प्लाजा से सालाना 14,500 करोड़ रुपये राजस्व मिलता है। पर सभी टोल प्लाजा में ट्रकों की आवाजाही व्यवस्था ध्वस्त रहती है। जाम में ट्रक घंटों खड़े रहते हैं। लंबी लाइन लगने पर डीजल की बरबादी होती है। इससे निजात पाने के लिए संगठन ने सरकार से मांग की है कि वह एकमुश्त 15 हजार करोड़ रुपये टोल टैक्स के रूप में ले लें और टोल प्लाजा में ट्रकों की रूटीन आवाजाही टोल फ्री कर दें। साथ ही मनमानी पर रोक लगाने के लिए कानून बना दें।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें