भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच 11 अक्तूबर को होने वाले मैच में टिकटों की मारामारी को देखते हुए तय किया गया कि लाइन में लगने वाले एक व्यक्ति को दो टिकट से अधिक नहीं दिए जाएंगे। यदि उसे और टिकट चाहिए तो दोबारा लाइन लगानी होगी।
मंगलवार को यूपीसीए के डायरेक्टर प्रेमधर पाठक ने बताया कि मैच के टिकटों की कालाबाजारी रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है। उन्होंने कहा कि हमारी योजना है कि ज्यादा से ज्यादा दर्शकों को टिकट मिल सके तभी यह व्यवस्था की गई है।
इसके अलावा उन्होंने सीईओ ललित खन्ना के साथ मिलकर सुरक्षा पहलुओं पर एसपी पश्चिमी से विचार-विमर्श किया। इसमें तय हुआ कि जो भी कर्मचारी काम कर रहे हैं, उन सभी से उनकी फोटो और पता अवश्य ले लिया जाए ताकि उनका परिचयपत्र बनाया जा सके। दरअसल 9 अक्तूबर को शाम 7:30 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर दोनों टीम के खिलाड़ी पहुंचेंगे। फिर बस से शहर में लैंडमार्क होटल आकर रुकेंगे। अगले दिन 10 अक्तूबर को दोनों टीमें नेट प्रैक्टिस करेंगी। इसके बाद स्टेडियम में अनधिकृत प्रवेश नहीं होगा।
उधर, एडीएम सिटी अविनाश सिंह, एसीएम डीडी वर्मा ने तैयारी को अंतिम रूप दिया और सभी गैलरियों की जांच-पड़ताल कराई। स्टेडियम की डेड लाइन 30 सितंबर दी गई है, जो बुधवार को पूरी होगी। इस दिन प्रमुख सचिव खेल अनीता भटनागर जैन और यूपीसीए सचिव राजीव शुक्ला निरीक्षण करने आएंगे। इसके चलते दिनभर तैयारी चलती रही।
ड्रेसिंग रूम में लगाए गए 34 मैचों के फोटोग्राफ
ग्रीनपार्क स्टेडियम में इस बार 35वां अंतरराष्ट्रीय मैच (टेस्ट व वनडे मिलाकर) खेला जाएगा। इसे यादगार बनाने के लिए भारत और दक्षिण अफ्रीका टीम के ड्रेसिंग रूम को विशेष तौर पर किया गया है। दोनों टीमों के रूमों में अब तक हुए मैचों के फोटोग्राफ लगाए गए हैं।
बाक्सिंग रिंग का शुभारंभ आज
ग्रीनपार्क स्टेडियम में नवनिर्मित बाक्सिंग रिंग का शुभारंभ बुधवार को प्रमुख सचिव खेल करेंगी। मुक्केबाजी करने वाले खिलाड़ियों के पास रिंग नहीं था। जिला प्रशासन ने दस लाख रुपये की कीमत से नया रिंग बनवाया है। साल के अंत में प्रदेश स्तरीय बाक्सिंग प्रतियोगिता आयोजित होगी।