कानपुर सहित आसपास के जिलों में गुरुवार से 13 जुलाई के बीच भारी बारिश के संकेत हैं। मौसम विभाग के अनुसार बारिश वाले बादलों का समूह जो दक्षिण भारत की ओर से चला गया था, वह लौट आया है। बुधवार दाेपहर से लेकर देर शाम तक घने बादल छाए रहे। कुछ जगहों पर हल्की बारिश भी हुई।
विज्ञापन
मौसम विशेषज्ञ डाॅ. एसएन सुनील पांडेय के अनुसार आठ से 10 जुलाई तक देश के उत्तरी और पूर्वी मैदानी इलाकों में मानसूनी बारिश में थोड़ी कमी आई थी। तीन दिन के ब्रेक के बाद मानसून इंडो-गंगा के मैदानों में फिर से शानदार वापसी की तैयारी कर रहा है। मानसून की दोबारा वापसी दक्षिण मध्य प्रदेश और निकटवर्ती विदर्भ पर विकसित हो रहे चक्रवाती परिसंचरण के कारण होगी। बताया कि कानपुर मंडल सहित उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली ऐसे स्थान हैं जहां 11 जुलाई से बारिश का सिलसिला फिर से शुरू होगा। इस बीच दिन में तापमान 35 और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।