सोमवार रात को आए बादलों ने न्यूनतम तापमान में रिकाॅर्ड तोड़ उछाल ला दी। मंगलवार को एक दिन में न्यूनतम पारा 17.5 डिग्री से बढ़कर 25 डिग्री पर पहुंच गया। 20 साल के बाद आठ अप्रैल के न्यूनतम तापमान में इतनी अधिक बढ़ोतरी हुई है। इससे पहले वर्ष 2005 में आठ अप्रैल को न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस रहा था। इसके साथ ही 24 घंटे में एक साथ 7.5 डिग्री पारा चढ़ने का रिकॉर्ड भी 15 साल बाद बना है। इससे पहले वर्ष 2010 में 10 अप्रैल को पारा एक दिन में 7.8 डिग्री सेल्सियस बढ़ा था। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक अधिकतम तापमान में इकट्ठा इतनी उछाल दर्ज होने का रिकार्ड नहीं है।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) के मौसम विभाग की वेधशाला की रिपोर्ट के मुताबिक मंगलवार को इस सीजन का सबसे अधिक न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। सोमवार को न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री रिकार्ड किया गया, जो मंगलवार को 7.5 डिग्री बढ़ गया। विभाग के मौसम तकनीकी अधिकारी अजय मिश्रा ने बताया कि सोमवार रात बादल बढ़ गए। इस वजह से मंगलवार का न्यूनतम तापमान सामान्य औसत से 4.2 डिग्री अधिक रहा। इसके चलते रात में गर्मी बढ़ गई। बादलों की आवाजाही अभी बनी रहेगी। 15 साल के बाद न्यूनतम पारे में 24 घंटे के अंदर इतनी बढ़त रिकार्ड की गई है। इस सीजन में 28 मार्च को न्यूनतम तापमान 20 डिग्री तक पहुंचा है। यह सामान्य से 3.2 डिग्री अधिक रहा है। उसके बाद आठ अप्रैल को न्यूनतम तापमान बढ़ा है। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही हवाओं का रुख उत्तर पश्चिमी की जगह अब दक्षिण पूर्वी हो गया है।
कानपुर में भीषण गर्मी
- फोटो : अमर उजाला
वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से नमी आ रही है। इससे बादल आएंगे। दिन का तापमान नियंत्रण में रहेगा लेकिन रात का तापमान बढ़ सकता है। दिन में उमस भरी गर्मी रहेगी, जिससे तापमान से अधिक गर्मी महसूस होगी। इसके अलावा देश के विभिन्न हिस्सों और पर्वतों पर बारिश की संभावना है। इससे भी तापमान नियंत्रित रहेगा। इसके अलावा कानपुर परिक्षेत्र में भी बूंदाबांदी से इन्कार नहीं किया जा सकता।
कानपुर में भीषण गर्मी
- फोटो : अमर उजाला
आसपास के जिलों में तीन दिनों में लू की चेतावनी
सीएसए के मौसम विभाग की रिपोर्ट में आने वाले तीन दिनों में लू की चेतावनी जारी की गई। मौसम तकनीकी अधिकारी ने बताया कि कानपुर परिक्षेत्र में बादलों के रहने की वजह से लू की स्थिति उतनी नहीं रहेगी। हालांकि आसपास के औरैया, फर्रुखाबाद, इटावा, मैनपुरी आदि जिलों में आसमान साफ रहेगा। इससे वहां लू चलने की अधिक संभावना है।