परेड दुकानदार वेलफेयर सोसायटी ने मुर्गा मार्केट और परेड ग्राउंड की जमीन सर्किल रेट पर बेचने का प्रस्ताव प्रशासन के सामने रखा है।
रविवार को प्रेस क्लब में हुई वार्ता में एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने खुद मार्केट के सुंदरीकरण की इच्छा व्यक्त करते हुए एक हजार से ज्यादा दुकानदारों और उनके परिवारों को बेरोजगार नहीं होने देने का दम भरा है।
एसोसिएशन अध्यक्ष अब्दुल माबूद ने कहा कि राष्ट्रीय एकता के प्रतीक सलारबक्श कोतवाल के नाम से यहां एक आदर्श मार्केट बनाएंगे। वह विकास में हर तरह का सहयोग करने को तैयार हैं, बशर्ते उन्हें उजाड़ा न जाए।
इसके लिए नवीन मार्केट व्यापार एसोसिएशन, परेड व्यापार मंडल ने भी सहयोग करने की सहमति दे दी है। एसोसिएशन के सदस्यों ने कहा कि एक तरफ सरकार बेरोजगारी भत्ता देने और रोजगार पैदा करने की बात कहती है तो दूसरी ओर बसे बसाए व्यापारियों को उजाड़ रही है।
इस दौरान पूर्व पार्षद मो. इसहाक, सुशील साहू, गुलाम दस्तगीर कुरैशी, एजाजउद्दीन, रमेश तिवारी प्रशांत पुरी आदि मौजूद रहे।
केडीए ने दी भ्रामक सूचना
संगठन के अध्यक्ष ने कहा कि केडीए ने हाईकोर्ट में हलफनामा देकर कहा था कि मुर्गा मार्केट में सिर्फ मिट्टी का परीक्षण करवाया गया है। इस पर हाईकोर्ट ने निर्देश दिया था कि केडीए के इस हलफनामे के बाद परेड दुकानदारों की ओर से दाखिल याचिका की कोई जरूरत नहीं है।
प्रशासन के नोटिस पर आपत्ति
संगठन ने जमीन खाली करने के डीएम की ओर से भेजे गए नोटिस पर भी आपत्ति जताई है। कहा कि डीएम ने छह जनवरी को नोटिस पर हस्ताक्षर किए और नोटिस जारी होने के सात दिन के अंदर जमीन खाली करने के निर्देश दिए, लेकिन नजूल के प्रभारी अधिकारी ने इस पर 13 जनवरी को हस्ताक्षर किए। यह नोटिस दुकानदारों को 16 जनवरी को मिला। अब प्रशासन उन पर कभी भी कार्रवाई कर सकता है।