कानपुर देहात। जिले में मंगलवार शाम से जोरदार बारिश हो रही है। बुधवार भोर में तेज हवा के साथ हुई झमाझम बारिश से निकाय क्षेत्रों व गांवों में जलभराव हो गया। इससे जन जीवन प्रभावित रहा। जलभराव होने पर राजपुर के करीमनगर डेरा में ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया।
रूरा व रसूलाबाद में नालियां ओवर फ्लो होने से घरों व दुकानों में पानी घुस गया। हालांकि अच्छी बारिश से धान की रोपाई करने वाले किसानों के चेहरे खिल गए। किसान ट्रैक्टर लेकर खेतों में पहुंच गए और धान की रोपाई की।
अकबरपुर में तेज बारिश से हाईवे ओवर ब्रिज पर जलभराव हो गया। कानपुर की तरफ जा रही कार पानी में फंसकर बंद हो गई। कोतवाली परिसर में जलभराव होने पर पंपिंग सेट चलाकर पानी निकाला गया। बीआरसी परिसर, भुगनियापुर रोड, ओवर ब्रिज चौराहा पर जलभराव से राहगीरों को परेशानी हुई।
वहीं जैनपुर के यूपीसीड़ा कॉलोनी में नालियां टूटी व अवरुद्ध होने से गलियों में जलभराव के बीच लोग निकलने को मजबूर हुए। रसूलाबाद क्षेत्र के सिठऊपुरवा के मजरा केसीपुर में नालियां ओवर फ्लो होने से घरों में पानी भर गया। कठारा, असालतगंज समेत नगर क्षेत्र के सुभाष नगर, कबीर नगर, नेहरूनगर में जलभराव हो गया।
सीएचसी की मेटरनिटी विंग जाने वाले रास्ते में जलभराव से मरीजों को परेशानी हुई। रूरा में बाजार वार्ड में नाला ओवर फ्लो होने से घरों व दुकानों में पानी भर गया। वहीं बजरंग नगर में भी जलभराव की स्थिति रही।
स्टेशन रोड पर जलभराव से राहगीरों को आवाजाही में दिक्कत उठानी पड़ी। शिवली में देर रात को हुई बारिश से गलियों व सड़कों पर जलभराव हो गया। आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ग्रामीण पानी के बीच से होकर आते जाते रहे। कस्बा शिवली में रामपुर रोड व सुभाष नगर में भी जलभराव रहा। झींझक व संदलपुर ोत्र में भी जलभराव व लगातार हो रही बारिश से जन जीवन प्रभावित रहा।
बारिश के दौरान पेड़ गिरा, आवागमन अवरुद्ध
संदलपुर। सिकंदरा-झींझक मार्ग के किनारे स्थित लौवा गांव के सामने आंधी के साथ हुई बारिश में आम का पेड़ उखड़ कर सड़क पर गिर गया। इससे चार घंटे तक आवागमन ठप रहा । झींझक व सिकंदरा जाने के लिए दो पहिया वाहन सवारों को बारिश के बीच बहेरा व सबलपुर होकर निकलना पड़ा।
वहीं चार पहिया वाहनों का आवागमन ठप रहा। इधर किसी राहगीर ने वन अफसरों को सूचना दी। वन कर्मियों ने मौके पर पहुंच कर पेड़ की टहनियां काटी और आवागमन शुरू कराया।
पीपल की शाखाएं गिरने से विद्यालय का छज्जा क्षतिग्रस्त
डेरापुर। ब्लॉक के खल्ला गांव के परिषदीय विद्यालय परिसर में लगे पीपल के विशाल पेड़ की टहनियां मंगलवार देर रात आंधी-बारिश में टूट गई। चपेट में आकर विद्यालय का छज्जा क्षतिग्रस्त हो गया। प्रधानाध्यापक इशरार अली ने बताया कि बीईओ को सूचना दी गई है।
कोई मजदूर पेड़ की टहनियां काटने को तैयार नहीं है। एसडीएम ऋषिकांत राजवंशी को प्रार्थना पत्र देकर प्रधानाध्यापक ने समस्या के निस्तारण की मांग की है। एसडीएम ने वन विभाग के रेंजर को समस्या समाधान के निर्देश दिए हैं।
जल भराव से डीघ का पशु चिकित्सालय भवन हो रहा जर्जर
पुखरायां। दो दिनों से हो रही बरसात से गांवों में जल भराव हो रहा है। इसके कारण डीघ गांव में पशु चिकित्सालय भवन के गिरने की नौबत आ गई है। बाजार, मैदान और खलिहान में पानी भरा हुआ है। मंगलवार से हो रही बारिश से गांवों में जल भराव की स्थित है। विकास खंड मलासा के डीघ गांव में पशु चिकित्सालय भवन परिसर में पानी भर जाने से भवन की हालत जर्जर हो रही है।
पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आलोक कुमार ने बताया कि जल निकासी का कोई इंतजाम नहीं है। जिससे भवन गिरने का खतरा बना हुआ है। अधिकारियों को अवगत कराया गया है। वहीं बाजार मैदान-खलिहान में पानी भरा रहने से घरों से पानी नहीं निकल पा रहा है। कृपाशंकर मिश्र, विश्वनाथ तिवारी ने बताया कि घरों के अंदर से पानी निकालना मुश्किल हो रहा है।
वहीं हैदरापुर और हारामऊ गांव के हरिनारायण, कृष्ण कुमार मिश्र, नीरज द्विवेदी ने बताया कि जल भराव की समस्या से परेशानी हो रही है। एसडीएम दीपाली भार्गव ने बताया कि प्रधानों को जल निकासी के इंतजाम कराए जाने के निर्देश दिए गए है। डीघ गांव में जेसीबी से नाला बनाकर पानी निकासी का इंतजाम कराया जाएगा।