कानपुर। दक्षिण के 25 मोहल्लों में तीन दिन बाद मंगलवार से पानी की आपूर्ति की जाएगी। नहरों की सफाई के कारण लोअर गंगा कैनाल नहर से पानी न मिलने से गुजैनी वॉटर वर्क्स तीन दिन से बंद था। अब सिंचाई विभाग त्योहार बाद काम कराएगा जिस वजह से नहर में पानी छोड़ दिया गया है।
गुजैनी वॉटर वर्क्स में लोअर गंगा कैनाल से पानी आता है। हर साल दीपावली से पहले छठ पूजा की तैयारियों को लेकर सिंचाई विभाग नहरों की सफाई कराता है। इसके लिए पानी की आपूर्ति बंद की जाती है। तीन दिन से सिंचाई विभाग ने एक सप्ताह का शटडाउन लिया था। इस वजह से लोअर गंगा कैनाल तक पानी नहीं पहुंच सका और वहां से गुजैनी वॉटर वर्क्स को भी पानी नहीं मिला। इससे दक्षिण के बर्रा, साकेतनगर, गोविंदनगर, जूही सहित करीब 25 मोहल्लों में पानी की किल्लत हो गई। लोगों को सरकारी सबमर्सिबल और नलकूप के सहारे रहना पड़ा। इस दौरान जलनिगम ने अधिक समय तक आपूर्ति की। नलकूप भी तीन-तीन घंटे अधिक चलाए जा रहे हैं। बता दें कि गुजैनी वॉटर वर्क्स से करीब दो करोड़ 80 लाख लीटर पानी की आपूर्ति होती है। इससे 18 वार्डों को आपूर्ति की जाती है।
जल निगम के अधिशासी अभियंता प्रवीण यादव ने बताया कि दक्षिण के जिन इलाकों में बैराज से पानी जाता है वहां बैराज प्लांट अधिक चलाकर पानी की आपूर्ति की गई। मंगलवार से पानी की आपूर्ति शुरू हो जाएगी। -
जरूरत के हिसाब से भेजे गए टैंकर
नहर की सफाई के लिए सिंचाई विभाग ने एक सप्ताह का शटडाउन लिया था। इस वजह से तीन दिन से गुजैनी वॉटर वर्क्स नहीं चल सका। अब सिंचाई विभाग का काम नहीं हो पा रहा है, वह त्योहार बाद शटडाउन लेंगे। इससे प्लांट चालू कर दिया गया है। मंगलवार से इन इलाकों में पानी की आपूर्ति होने लगेगी। हालांकि, जलकल ने जहां जरूरत थी, वहां टैंकर भेजे हैं। - आनंद त्रिपाठी, महाप्रबंधक, जलकल