कानपुर। गंगा का जलस्तर घटने लगा है लेकिन नदी अभी भी चेतावनी बिंदु के ऊपर बह रही है। कटरी के गांवों में अभी बाढ़ का पानी भरा हुआ है। गंगा से सटे चैनपुरवा, ख्योरा कटरी, भगवानदीन का पुरवा, दुर्गापुरवा, भोपालपुरवा व रानीघाट में पानी तेजी से कम हो रहा है।
लेखपाल प्रतीक शुक्ला ने बताया कि बाढ़ से जिन किसानों की फसल बर्बाद हुई है, उनका सर्वे करा सरकारी मदद दिलाई जाएगी। सोमवार को बैराज जलस्तर 114.40 मीटर रहा। यह चेतावनी बिंदु 114 मीटर से 40 सेमी ज्यादा और खतरे के निशान 115 मीटर से 60 सेमी कम है। बैराज के अधिशासी अभियंता पंकज गौतम ने बताया कि अगर तेज बारिश नहीं हुई और हरिद्वार से ज्यादा मात्रा में पानी न आया तो तीन से चार दिन में जलस्तर और नीचे आ जाएगा। (संवाद)