फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

घरों में घुसा पानी, लाखों का नुकसान

Sun, 31 Jul 2016 01:17 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
बारिश से गृह में घुस गया पानी। - फोटो : amarujala
विज्ञापन
कानपुर साउथ। निचली गंगा नहर (सीटीआई नहर) में शुक्रवार देर रात गलती से भारी मात्रा में पानी छोड़ देने से रतनलाल नगर के 50 से ज्यादा लोगों के घरों और फ्लैटों में पानी और कीचड़ भर गया। पानी का फ्लो इतना तेज था कि पानी एक अपार्टमेंट की दीवार को तोड़कर फ्लैट और घरों में घुस गया। घरों के अंदर पांच फीट तक पानी भर गया। लोगों की जान पर बन आई और गृहस्थी का सामान बर्बाद हो गया। नहर विभाग के अफसरों के फोन न उठाने पर नाराज लोग पनकी नहर कोठी स्थित नहर विभाग के दफ्तर पहुंचे और हंगामा किया। तब नहर का पानी बंद हुआ। नहर के ओवरफ्लो होने से शिव नगर, गोपाल नगर और बर्रा-दो में भी कई घर जलमग्न हो गए। इसके अलावा बारिश से भी साउथ सिटी के कई मोहल्‍लों      के घरों, दुकानों और सड़कों में पानी   भर गया। यहां तक बाबूपुरवा और किदवईनगर थाने में भी पानी भर गया।
विज्ञापन


नहर विभाग के कर्मचारियों को नहर का मर्दनपुर-पनकी तरफ का गेट खोलना था पर खोल दिया गोविंद नगर की ओर का। इससे देर रात नहर ओवरफ्लो हो गई और घरों में सो रहे लोगों को पता नहीं चला। तड़के पानी किनारा और मकान की दीवारें तोड़कर घरों में घुस गया। सांसद सुखराम सिंह के घर भी पानी घुस गया। ओपी वाधवानी के घर (हेमकुंड सोसाइटी अपार्टमेंट) के पीछे की नौ फीट ऊंची कमजोर दीवार तोड़कर पानी घर में घुस गया तो फ्रिज, सोफा, कूलर, टीवी, लैपटाॅप, बर्तन, बच्चों की कॉपी-किताबें और गैस समेत गृहस्थी का तमाम सामान पानी में तैरने लगा। उन लोगों ने खुद और बच्चों की अलमारी पर बैठाकर जान बचाई। शिवसागर शुक्ला, आरएस सिंह के घर भी यही हाल रहा। नहर विभाग के अफसरों का फोन नहीं उठा तो पार्षद आलोक शुक्ला और अजय डंग समेत तमाम लोगों ने पहले केस्को को फोन कर क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कराई। फिर नहर कोठी स्थित नहर विभाग के दफ्तर गए और अफसरों पर लापरवाही का आरोप लगा हंगामा किया।

इसके बाद पानी बंद हुआ। आरोप लगाया कि नशे में धुत कर्मचारियों ने गलती की। नहर विभाग के अफसर नहीं पहुंचे लेकिन नगर निगम जोन-पांच के जोनल अफसर विनय राय टीम के साथ पहुंचे। उन्होंने नहर के किनारे और सड़क पर मलबा डलवाया। जिनके घरों में पानी से बर्बादी हुई है, वे नहर विभाग, बिल्डर रिम्पी बिंद्रा और नहर विभाग की जमीन पर कब्जा करने वाले साक्षी फर्नीचर के मालिक खिलाफ तहरीर देंगे। गोविंद नगर थाने के कार्यवाहक एसओ के मुताबिक जांच के बाद कार्रवाई होगी।
विज्ञापन


खुले नाले में गिरी बच्ची, पिता ने बचाया
कानपुर साउथ (ब्यूरो)। गोविंद नगर में नटराज टॉकीज के पास शनिवार शाम को खुले नाले में पांच साल की मासूम आंचल शर्मा गिर गई। बचाने के लिए पिता भी कूद गया। बाद में पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से बच्ची और उसके पिता को बाहर निकलवाया। दोनों का इलाज कराया गया। रात में नगर निगम की टीम पहुंची और ढक्कन लगाकर नाला बंद कराया। गोविंद नगर में नाले का निर्माण हुआ है। कई जगह नाले बंद नहीं हैं। इस नाले को दुकानदारों ने प्लाईवुड से ढक दिया था। बर्रा पांच निवासी रामू शर्मा बेटी के साथ निकले। प्लाईवुड टूटने से बेटी उसमें गिर गई।
नाले में गिरे बाइक सवार पिता-पुत्र ः उधर फजलगंज से गोविंदपुरी पुल की ओर जा रहे बाइक सवार पिता-पुत्र अनियंत्रित होकर नाले में गिर गए। दोनों को मामूली चोट आई है। पास स्थित पेट्रोल पंप के कर्मचारियों ने दोनों को बाहर निकाला।
विज्ञापन

 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें