सौरिख(कन्नौज)। वोट डालने से मना करने पर दो पक्षों में ईंट, पत्थर चल गए। पथराव से बूथ पर भगदड़ मच गई। बाद में पुलिस ने मोर्चा संभाला। लाठियां पटकते हुए उपद्रवियों को खदेड़ दिया। पथराव में पांच लोग घायल हुए हैं।
ग्रामसभा सरदापुर के प्राथमिक विद्यालय में मतदान केंद्र बनाया गया था। यहां से पांच प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। शाम करीब पांच बजे लालू पुत्र जाफर अली ड्राइविंग लाइसेंस लेकर वोट डालने पहुंचे। प्रत्याशी लईक अली के एजेंट ने आधार कार्ड लाने के लिए कहा। ड्राइविंग लाइसेंस से वोट डालने से मना कर दिया। आरोप है कि इसके बाद लईक अली ने अपने समर्थकों के साथ लालू को बूथ के बाहर घेर लिया। गाली गलौज करते हुए मारपीट कर दी। जानकारी होने पर दूसरे प्रत्याशी अहमद अली समर्थकों के साथ पहुंच गए। लईक अली के समर्थकों ने लाठी, डंडों से हमला बोल दिया। इनमें पथराव होने लगा।
पथराव से बूथ के बाहर भगदड़ मच गई। अहमद अली, मुस्तफा अली, नफील, तालिब व मोहम्मद अहमद घायल हो गए। पुलिस ने लाठियां पटककर उपद्रवियों को खदेड़ दिया। घायलों को अस्पताल भिजवाया गया।