हड़ताल के छठवें दिन भी ट्रक चलने पर उग्र हुए ट्रांसपोर्टर
ऑल इंडिया ट्रांसपोर्ट कांग्रेेस के आह्वान पर ट्रांसपोर्टरों की राष्ट्रव्यापी हड़ताल बुधवार को छठे दिन भी जारी रही। चोरी छिपे चल रहे ट्रकों पर अंकुश लगाने के लिए उत्तर प्रदेश मोटर ट्रांसपोर्टर्स एसोसिएशन एवं उत्तर प्रदेश युवा ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने उग्र रूप अपना लिया। कानपुर के तात्याटोपे नगर के सामने हाईवे से गुजर रहे ट्रकों पर ट्रांसपोर्टरों ने पत्थर बरसाए और दो दर्जन से अधिक ट्रकों के शीशे तोड़ डाले। इसमें कई ट्रक चालक चुटहिल हुए लेकिन वे ट्रक दौड़ाकर भागने में सफल रहे।
उत्तर प्रदेश ट्रांसपोर्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सतीश गांधी और युवा ट्रांसपोर्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष श्याम शुक्ल की अगुवाई में बड़ी संख्या में ट्रांसपोर्टर दोपहर 12 बजे से सड़कों पर उतर पड़े। रोज की तरह यशोदा नगर, नौबस्ता होते हुए दादानगर पहुंचे। यहां कुछ फैक्ट्रियों में माल की लोडिंग अनलोडिंग हो रही थी। इस पर ट्रांसपोर्टरों ने मजदूरों को खदेड़ दिया। इसके बाद हाईवे पर तात्याटोपे नगर के पास माल लदे ट्रकों का रेला आता दिखा तो उसे रोकने का प्रयास किया। ट्रक चालक नहीं रुके तो ट्रकों पर पथराव कर दिया गया। इससे कई ट्रकों के शीशे टूट गए।
कागज छीनकर एसोसिएशन के कार्यालय में जमा करवा दिए
दो दर्जन ट्रकों के शीशे तोड़े, 50 से ज्यादा के कागज छीने
इसी दौरान ईंट लदी ट्रॉली गुजरी तो ट्रांसपोर्टरों ने सड़क पर ही ईंटें जमा कर लिए और ट्रकों को रोकने का प्रयास किया। जो ट्रक रुक गए उनके कागज छीनकर एसोसिएशन के कार्यालय में जमा करवा दिए। जो नहीं रुके उन पर पथराव करके शीशे तोड़ डाले। इसके बाद ट्रांसपोर्टरों का दल चकरपुर सब्जी मंडी, भौंती सचेंडी होते हुए ट्रांसपोर्ट नगर लौट आया। यहां ट्रांसपोर्ट भवन में बैठक कर अगले दिन की रणनीति तैयार की। चर्चा हुई कि सरकार का रुख लचीला नहीं हुआ तो अगले कुछ दिनों में आवश्यक सेवाएं भी रोक दी जाएंगी। इस दौरान पूर्व अध्यक्ष गुलशन छाबड़ा, मनीष कटारिया, विमल कुमार शुक्ल, अरुण वाधवा, केसी शर्मा, राजेंदर सिंह, आनंद अग्रवाल, रमेश चंद्र शुक्ला, युवा संगठन से सौरभ सक्सेना, लवी गांधी, अजय गुप्ता, शशांक अवस्थी, आदित्य तिवारी, राजन गुप्त आदि मौजूद रहे।