विहिप के केंद्रीय मंत्री अशोक तिवारी ने किया दावा
सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश दीपक मिश्रा की सेवानिवृत्ति से पूर्व ही राममंदिर पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला आ जाएगा। यह फैसला राममंदिर के पक्ष में ही आएगा। इसका पूरा विश्वास है। ये बातें रविवार को विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय मंत्री एवं प्रभारी धर्माचार्य संपर्क प्रमुख अशोक तिवारी ने इटावा में कहीं। वह मोतीझील स्थित सरस्वती इंटर कॉलेज में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
वह यहां चार दिन से चल रहे धर्म प्रसार प्रशिक्षण शिविर के समापन पर मुख्य अतिथि के रूप में शिविर को संबोधित करने आए थे। तिवारी ने कहा कि हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ ने भी यह माना है कि मंदिर को तोड़कर मस्जिद बनाई गई। कहा कि हिंदू के साथ मुस्लिम जजों ने भी इसे मंदिर माना। मंदिर होने की पुष्टि भारतीय पुरातत्व विभाग भी कर चुका है। कहा कि हाईकोर्ट ने पूर्व में जो बंटवारे पर अपना निर्णय सुनाया। वह निरस्त होगा।